टेंट गोदाम में लगी आग व उठता धुआं।
मिश्रिख (सीतापुर)। एक टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार को संदिग्ध हालात में आग लग गई। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। लपटें इतनी भीषण थी कि गोदाम के अंदर धुआं भर गया। यह धुआं इलाके में भी फैलने लगा। इस वजह से आस-पड़ोस के लोगों को भी दिक्कत होने लगी। सुबह करीब 11 बजे लगी आग दोपहर डेढ़ बजे बुझ सकी।
कस्बा स्थित पांडेय नगर में न्यू फैशन टेंट हाउस का गोदाम है। गोदाम में शनिवार सुबह करीब 11 बजे संदिग्ध हालात में आग लग गई। जिस समय आग लगी टेंट हाउस संचालक स्टेशन रोड निवासी मुख्तार खान किसी काम से लखनऊ गए हुए थे। गोदाम पूरी तरह बंद था। करीब 50 मिनट के बाद जब लोगों ने धुआं निकलते देखा तो पता चला। 11.50 मिनट पर दमकल को सूचना दी गई, जब दमकल पहुंची तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दीवार काटकर निकाला धुआं
फायर स्टेशन प्रभारी राजबहादुर ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना सुबह 11.50 बजे मिली थी। इसके बाद तत्काल एक दमकल मौके पर रवाना की गई। आग बेकाबू होने के कारण फायर ब्रिगेड की एक अन्य गाड़ी मंगाई गई। गोदाम चारों ओर से बंद होने के कारण धुआं अंदर भरता जा रहा था। इस वजह से बचाव कार्य में भी परेशानी आ रही थी। स्थानीय लोग भी धुएं से दिक्कत महसूस करने लगे। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। किसी तरह फायर ब्रिगेड के जवानों ने अंदर जाकर पीछे की दीवार काटी। इसके बाद धुआं बाहर निकला। वेंटिलेशन होने के बाद आग पर काबू पाया गया। यह ऑपरेशन बहुत जटिल रहा। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्लास्टिक की कुर्सियों से भड़की आग
गोदाम में लगी आग प्लास्टिक की कुर्सियां जलने के कारण भड़क गई। काफी देर तक आग सुलगती रही। संचालक मुख्तार खान ने फोन पर बताया है कि उन्हें आग लगने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि करीब दो से ढाई लाख रुपये का माल जला है।
पड़ोसियों ने दमकल कर्मियों संग संभाला मोर्चा
आग बुझाने के लिए मौके पर फायर स्टेशन प्रभारी राजबहादुर अपनी टीम के साथ पहुंचे। जिसमें दमकल कर्मी नंदकिशोर, शमीउल्ला, कुलदीप सिंह, विकास यादव, प्रियम व प्रदीप सिंह शामिल रहे। इनके साथ गोदाम के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने भी मोर्चा संभाला। लोगों ने घरों से पंप चलाकर पाइप से आग बुझाने में मदद की। दोपहर डेढ़ बजे आग बुझी।