लखनऊ; आठ मार्च यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि नारीशक्ति के गौरवशाली इतिहास, संघर्षों और उपलब्धियों की प्रतीक है। इसी भावना को और सशक्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन मिशन शक्ति (फेज-5.0) के तहत वूमेन फस्ट का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

यह आयोजन नारी सशक्तीकरण, स्व-रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक और बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय उत्सव एक महत्वपूर्ण पहल है।
एडीजी पद्मजा चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरुप 10 मार्च तक चलने वाला यह महोत्सव न केवल महिलाओं को मनोरंजन का मंच प्रदान करेगा, बल्कि उनके आत्मनिर्भर बनने और उद्यमिता की ओर बढ़ने के लिए भी प्रेरित करेगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम के दौरान 1090 महिला हेल्पलाइन की भूमिका पर एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें बताया जाएगा कि कैसे यह हेल्पलाइन महिलाओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने में सहायता कर रही है। इसके साथ ही “प्रतिज्ञा कार्यक्रम” के तहत महिलाओं को आत्मरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा। महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जिनमें स्व-रोजगार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से महिलाओं को छोटे और मध्यम स्तर के उद्योगों की ओर प्रेरित किया जाएगा, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाना और समाज में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना है। योगी सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा यह पहल महिलाओं के लिए एक ऐसा मंच प्रदान कर रही है, जहां वे अपनी सुरक्षा, अधिकारों और संभावनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगी।